डीएम सविन बंसल का जनता दर्शन बना राहत का मंच—212 से अधिक शिकायतों का त्वरित निस्तारण, जरूरतमंदों को मिली बड़ी राहत

Spread the love


देहरादून, दिनांक 06 अप्रैल 2026
जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम एक बार फिर आमजन के लिए राहत का प्रभावी मंच साबित हुआ। मुख्यमंत्री की प्रेरणा से संचालित इस कार्यक्रम में आज 212 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन पर जिलाधिकारी ने त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के सख्त निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न संवेदनशील मामलों में जिलाधिकारी द्वारा तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की गई—
82 वर्षीय दिव्यांग बुजुर्ग को राहत:
छबीलबाग कांवली रोड निवासी नत्थीलाल ने पानी के ₹31,657 के बिल में राहत की गुहार लगाई। जांच उपरांत जल संस्थान द्वारा ₹11,487 ब्याज माफ किया गया तथा शेष ₹20,170 की राशि वन टाइम सेटलमेंट के तहत राइफल फंड से जमा कराई जा रही है।
मीना बंसल को न्याय की उम्मीद:
विकासनगर निवासी मीना बंसल, जिनके पुत्र की वर्ष 2023 में एक होटल दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी, को अब न्याय मिलने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं। जिलाधिकारी ने सहायक श्रम आयुक्त को एफआईआर दर्ज कराने, लेबर कोर्ट में वाद दाखिल करने तथा 02 माह के भीतर प्रकरण के निस्तारण के निर्देश दिए।
रोशनी रावत की बेटियों की शिक्षा सुनिश्चित:
धर्मपुर निवासी रोशनी रावत की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उनकी दो पुत्रियों की शिक्षा ‘प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा’ के तहत पुनः शुरू कराने के निर्देश जिला कार्यक्रम अधिकारी को दिए गए।
वरिष्ठ दंपति को सुरक्षा का आश्वासन:
ऋषिकेश निवासी नीलम अरोड़ा एवं उनके पति की शिकायत पर जिलाधिकारी ने एसडीएम कोर्ट में भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज करने के निर्देश दिए।
हर्रावाला में नहर क्षति पर सख्त रुख:
हर्रावाला में भू-माफियाओं द्वारा सरकारी नहर को क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले में जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी, एसडीएम डोईवाला एवं लघु सिंचाई विभाग को तत्काल जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता दर्शन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, पुलिस अधीक्षक यातायात लोकजीत सिंह, उप नगर आयुक्त संतोष पाण्डेय, उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *