उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी व हिमस्खलन की चेतावनी, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
देहरादून, दिनांक 20 मार्च 2026
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार Defence Geoinformatics Research Establishment (DGRE), चंडीगढ़ के पूर्वानुमान के आधार पर दिनांक 20 मार्च 2026 सायं 05:00 बजे से 21 मार्च 2026 सायं 05:00 बजे तक उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी एवं हिमस्खलन (Avalanche) की संभावना व्यक्त की गई है।
जारी चेतावनी के अनुसार जनपद उत्तरकाशी, चमोली एवं पिथौरागढ़ को डेंजर लेवल-3 तथा रुद्रप्रयाग एवं बागेश्वर को डेंजर लेवल-1 श्रेणी में रखा गया है। इन क्षेत्रों में भारी बर्फबारी की स्थिति में हिमस्खलन का खतरा बढ़ सकता है।
प्रशासन द्वारा आमजन, स्थानीय निवासियों एवं यात्रियों के लिए निम्न सावधानियां बरतने की अपील की गई है—



👉 महत्वपूर्ण सावधानियां:
दिन व रात के समय अपने आसपास के क्षेत्रों में बर्फबारी व हिमस्खलन की जानकारी लेते रहें।
अत्यधिक आवश्यकता होने पर ही बर्फ वाले क्षेत्रों में आवागमन करें, अन्यथा यात्रा से बचें।
घरों, अस्थायी आवासों एवं गोशालाओं की छतों पर अधिक बर्फ जमा न होने दें, समय-समय पर सफाई करते रहें।
बर्फीले क्षेत्रों में चलते समय फिसलन से बचाव हेतु विशेष सतर्कता बरतें।
यदि किसी कारणवश अधिक बर्फबारी वाले क्षेत्रों में रह रहे हों, तो अस्थायी रूप से सुरक्षित एवं निचले स्थानों की ओर जाने पर विचार करें।
पुराने हिमस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी रखें।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने संबंधित जिलाधिकारियों को निर्देशित किया है कि इस चेतावनी को संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक रूप से प्रचारित कर आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

