क्या आपके फोन में भी आया ये खतरनाक अलर्ट? अचानक हिल उठा पूरा मोबाइल

Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, भारत सरकार, नई दिल्ली के सहयोग से राज्य में आपदा पूर्व चेतावनी प्रणाली को सुदृढ़ बनाने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य मौसम पूर्वानुमान से संबंधित सूचनाओं को आमजन तक समय पर एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाना है, ताकि संभावित आपदाओं के प्रति लोगों को पहले से सचेत किया जा सके और जन-धन की हानि को न्यूनतम किया जा सके।
इसी क्रम में दिनांक 20 मार्च 2026 को प्राधिकरण द्वारा राज्यभर में एक परीक्षण अलर्ट (Testing Alert) जारी किया गया। इस परीक्षण का उद्देश्य राज्य में स्थापित आपातकालीन सूचना प्रसारण प्रणाली की कार्यक्षमता का मूल्यांकन करना तथा यह सुनिश्चित करना था कि आपदा की स्थिति में सूचना समयबद्ध एवं व्यापक रूप से प्रसारित हो सके।


प्राधिकरण द्वारा इस प्रणाली को और अधिक उन्नत एवं विश्वसनीय बनाने के लिए नियमित परीक्षण किए जा रहे हैं, जो आगामी एक सप्ताह तक जारी रहेंगे। इन परीक्षणों के माध्यम से यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि विभिन्न मोबाइल नेटवर्क सेवा प्रदाताओं (TSP) के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में अलर्ट संदेशों का प्रसारण प्रभावी ढंग से हो रहा है या नहीं तथा किन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है।
साथ ही यह भी परीक्षण किया जा रहा है कि विभिन्न परिस्थितियों में अलर्ट संदेश कितनी शीघ्रता एवं सटीकता के साथ आम नागरिकों तक पहुंच रहे हैं।
इस प्रक्रिया का उद्देश्य भविष्य में किसी भी आपदा की संभावना होने पर राज्य के नागरिकों को समय रहते सचेत करना है, ताकि वे आवश्यकतानुसार सावधानियां बरत सकें। इसके अतिरिक्त, इस प्रणाली के माध्यम से आपातकालीन स्थितियों में प्रशासन एवं आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सकेगा।
अंततः, यह पहल राज्य को आपदाओं के प्रति अधिक सजग, सुरक्षित एवं सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नागरिकों से अपेक्षा की जाती है कि वे इस प्रकार के परीक्षण अलर्ट को गंभीरता से लें, घबराएं नहीं तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। यह सामूहिक प्रयास ही राज्य को आपदाओं के प्रभाव से सुरक्षित रखने में सहायक सिद्ध होगा।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *