चरण पादुका गोथल समिति ने धूमधाम से मनाया स्थापना दिवस, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया सम्मानित

Spread the love

चमोली
चरण पादुका गोथल समिति द्वारा अपना स्थापना दिवस धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समिति द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी गई। समिति “डाली लगोला, जीवन बचोला” अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने का कार्य कर रही है।
समिति द्वारा महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए आटा, चावल और चीनी के थैलों से कैरी बैग बनाना, माता श्रृंगार की सामग्री तैयार करना, फटे-पुराने कपड़ों से दरी बनाना, हाथ के बैंड, रोटना और धूप तैयार करना जैसे कार्य सिखाए जाते हैं। साथ ही जन्मदिन, शादी, शादी की सालगिरह, भागवत कथा, भवन निर्माण और नए वाहन खरीदने जैसे शुभ अवसरों पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाता है।
स्थापना दिवस के अवसर पर गांव में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को समिति द्वारा सम्मानित किया गया। इनमें श्रीमती सुषमा चौहान को जैविक खेती के क्षेत्र में, श्रीमती बीना पवार को स्वरोजगार एवं जैविक खेती, प्रीति दानू को पर्यावरण संरक्षण, रोजगार एवं महिला सशक्तिकरण, संतोषी कुँवर को पर्यावरण संरक्षण एवं महिला सशक्तिकरण, संगीता देवी को पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण एवं स्वरोजगार, पूनम मैठाणी को महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार एवं पर्यावरण संरक्षण, रश्मि देवी को सामूहिक वानिकी एवं पर्यावरण संरक्षण, श्रीमती प्रीति देवी को महिला सशक्तिकरण एवं स्वरोजगार, लज्जू देवी को महिला सशक्तिकरण एवं सामूहिक वानिकी, श्रीमती आरती देवी को महिला सशक्तिकरण एवं निशुल्क कार्यशालाओं में योगदान, पूजा भट्ट को स्वरोजगार तथा कार्तिक तिवारी को अपनी कविताओं के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता के लिए सम्मानित किया गया।


समिति की अध्यक्ष श्रीमती दीपा देवी को समिति का बेहतर संचालन करने के लिए विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कोऑपरेटिव बैंक की प्रबंधक श्रीमती सपना चंद्रा उपस्थित रहीं, जिन्हें तीलू रोतेली पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में साहित्यकार श्रीमती शशि देवली, राजकीय इंटर कॉलेज के प्रवक्ता श्री कुंवर सिंह रावत, डिग्री कॉलेज के प्राचार्य श्री दर्शन सिंह नेगी, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की अध्यापिका श्रीमती राखी चौहान, समाजसेवी श्री मोहन नेगी और श्री चंडी प्रसाद तिवारी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में समिति की अध्यक्ष श्रीमती दीपा देवी ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *