थारु कैंप के पास ग्लेशियर से बर्फ खिसकी, केदारनाथ पैदल मार्ग आंशिक रूप से अवरुद्ध, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में
रुद्रप्रयाग
दिनांक: 10 अप्रैल 2026
आज दिनांक 10 अप्रैल को लगभग अपराह्न 12:30 बजे केदारनाथ पैदल मार्ग पर थारु कैंप, जो बड़ी लिनचोली से ऊपर स्थित है, के पास ग्लेशियर क्षेत्र से अचानक बर्फ आने के कारण केदारनाथ पैदल मार्ग का एक हिस्सा आंशिक रूप से अवरुद्ध हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभागों द्वारा त्वरित संज्ञान लिया गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि अथवा घायल होने की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। वर्तमान में क्षेत्र की स्थिति पूर्णतः सामान्य एवं नियंत्रण में है।


आपदा कंट्रोल रूम से स्थिति की लगातार लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है तथा मौके पर तैनात टीमों द्वारा मार्ग को शीघ्र सुचारु करने हेतु कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इसके लिए श्रमिकों एवं संबंधित कार्मिकों को आवश्यक उपकरणों के साथ तैनात किया गया है, जो अवरुद्ध मार्ग को साफ करने में जुटे हुए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा स्थिति पर निरंतर नजर रखी जा रही है।

