खाड़ी देशों व मध्य पूर्व एशिया में फंसे उत्तराखंड निवासियों की सहायता हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त, हेल्पलाइन जारी
देहरादून, दिनांक 28 मार्च 2026
उत्तराखंड शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा खाड़ी देशों तथा मध्य पूर्व एशिया (जैसे सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, कुवैत, ओमान, ईरान, इज़राइल आदि) में निवासरत/कार्यरत/फंसे हुए उत्तराखंड राज्य के नागरिकों की सहायता एवं समस्याओं के समाधान हेतु महत्वपूर्ण पहल की गई है।

वर्तमान परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए भारत सरकार के विदेश मंत्रालय एवं संबंधित भारतीय दूतावासों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावित नागरिकों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से उत्तराखंड शासन ने श्रीमती निवेदिता कुकरेती, विशेष सचिव, गृह विभाग को नोडल अधिकारी नामित किया है।
नोडल अधिकारी के माध्यम से खाड़ी देशों एवं मध्य पूर्व एशिया में फंसे या कार्यरत उत्तराखंड के नागरिकों को आवश्यक सहयोग, समन्वय, राहत एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
इस संबंध में पुलिस मुख्यालय, उत्तराखंड, देहरादून द्वारा निम्न हेल्पलाइन नंबर एवं ईमेल आईडी जारी किए गए हैं—
मोबाइल नंबर: 9411112792
ईमेल: dgc-police-ua@nic.in
सभी संबंधित व्यक्तियों/परिजनों से अनुरोध किया गया है कि सहायता प्राप्त करने हेतु उपरोक्त संपर्क माध्यमों पर आवश्यक विवरण उपलब्ध कराएं, जिसमें—
संबंधित व्यक्ति का नाम,
पिता/पति का नाम,
जिस देश में व्यक्ति निवासरत/फंसा है,
वहां का पूरा पता,
पासपोर्ट नंबर,
मोबाइल/व्हाट्सएप नंबर,
ईमेल आईडी,
वैकल्पिक संपर्क व्यक्ति का विवरण,
उत्तराखंड का स्थायी पता एवं संपर्क विवरण आदि शामिल हों।
यह आदेश खाड़ी देशों एवं मध्य पूर्व एशिया में निवासरत/कार्यरत/फंसे उत्तराखंड राज्य के निवासियों की सहायता के उद्देश्य से तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।

