प्रतिभा का सम्मान : वैष्णवी लोहनी को मिला साईं सृजन पटल का विशेष सम्मान

Spread the love

डोईवाला। रचनात्मकता, संस्कृति और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से निरंतर कार्य कर रहे साईं सृजन पटल ने एक बार फिर अपनी सार्थक पहल के तहत मिस फेमिना मिस उत्तराखंड-2026 के ग्रैंड फिनाले में ‘मिस टैलेंटेड’ का खिताब जीतने वाली होनहार प्रतिभा वैष्णवी लोहनी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। यह आयोजन उत्साह, गर्व और प्रेरणा से भरपूर रहा, जहां प्रतिभा और परिश्रम को सम्मानित करने की परंपरा को आगे बढ़ाया गया।

उल्लेखनीय है कि वैष्णवी लोहनी इससे पहले भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं। मिस उत्तराखंड 2025 प्रतियोगिता में रनरअप बनने पर भी साईं सृजन पटल द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया था। लगातार मिल रही इस पहचान और प्रोत्साहन ने उनके आत्मविश्वास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है, जो उनके उज्ज्वल भविष्य की ओर स्पष्ट संकेत करता है।

इस अवसर पर साईं सृजन पटल के संस्थापक प्रो.(डॉ.) के. एल. तलवाड़ ने कहा, वैष्णवी लोहनी जैसी प्रतिभाशाली युवा न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय हैं। उनका यह सम्मान इस बात का प्रतीक है कि यदि समर्पण और मेहनत सच्ची हो, तो सफलता अवश्य मिलती है। साईं सृजन पटल सदैव ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं को मंच देने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।

पटल के उपसंपादक अंकित तिवारी ने कहा, आज के युवाओं के लिए वैष्णवी एक प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने यह साबित किया है कि प्रतिभा के साथ निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास हो तो हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। साईं सृजन पटल का उद्देश्य ऐसे ही युवाओं को पहचान दिलाना और उन्हें प्रोत्साहित करना है।

सम्मान प्राप्त करते हुए वैष्णवी लोहनी ने भावुकता के साथ कहा, “यह सम्मान मेरे लिए अत्यंत विशेष और प्रेरणादायक है। साईं सृजन पटल से मुझे हमेशा समर्थन और प्रोत्साहन मिला है, जिसने मुझे आगे बढ़ने की शक्ति दी है। मैं भविष्य में भी पूरी मेहनत और लगन से अपने राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने का प्रयास करती रहूंगी।”

कार्यक्रम के दौरान उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला। इस मौके पर पटल की नीलम तलवाड़, इनसाइडी क्रिएटिव मीडिया के सीईओ अक्षत, स्मृति डोभाल,अर्चना लोहनी, शाम्भवी सहित कई लोग उपस्थित रहे। सभी ने वैष्णवी की उपलब्धि की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *