फिताड़ी अग्निकांड: प्रभावितों के बीच पहुंचे जिलाधिकारी व विधायक

Spread the love

🛑उत्तरकाशी, 24 मार्च 2026

प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन पूरी मजबूती से उनके साथ है : डीएम

विकास खंड मोरी के फिताड़ी गांव में बीती देर रात भीषण अग्निकांड की घटना हुई। जिसमें 8 आवासीय भवन और 6 अन्न भंडार जलकर नष्ट हो गए। हादसे में 3 गायों की भी आग की चपेट में आने से मौत हो गई। आपदा विभाग के मुताबिक आग लगने की घटना रात करीब 11 बजे की है। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी प्रशान्त आर्य ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीआरएफ, राजस्व,स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की टीमों को मौके पर रवाना करने के निर्देश दिए। राहत एवं बचाव टीमों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पा लिया गया और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

जिलाधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में प्रशासन पूरी मजबूती के साथ पीड़ित परिवारों के साथ है और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। प्रभावित परिवारों को आपातकालीन परिचालन केंद्र उत्तरकाशी से टेंट,तिरपाल,बर्तन सेट,गैस चुल्हा,पतीला/ कढ़ाई /टिफिन,बाल्टी,सहित जरूरी सामान व हाईजीन किट,टॉवल,मग, कम्बल,गद्दे,गम बूट,सोलर लाइट आदि जरूरी सामान के साथ ही रसद सामाग्री भेजी गई। प्रभावित परिवारों को रहने एवं भोजन आदि व्यवस्था हेतु उच्च प्राथमिक विद्यालय फिताड़ी में राहत शिविर बनाया गया है।
वहीं आगजनी की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल देर रात ही घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर सरकार की ओर से हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों को आश्वस्त करते हुए आपदा मानक के अनुरूप तत्काल सहायता मुहैया कराने का भरोसा दिया।
इस दौरान जिलाधिकारी एवं विधायक ने प्रभावित परिवारों एवं ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों की मांग पर जिलाधिकारी ने आपदा के दृष्टिगत गांव में पानी की संचय की व्यवस्था के लिए टैंक निर्माण को लेकर सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि वाटर टैंक केवल आगजनी की घटनाओं से निपटने में ही सहायक नहीं होगा, बल्कि गांव के लोगों को नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को अगली जिला योजना में प्राथमिकता के आधार पर शामिल करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा राहत सामाग्री गांव पहुंच चुकी है और अहेतुक धनराशि वितरित कर दी गई है। तथा प्रभावित परिवारों को आवास बनाने के लिए जल्द धनराशि प्रदान कर दी जाएगी।

घटना स्थल पर ब्लाक प्रमुख रणदेब सिंह राणा,एसडीएम मुकेशचंद रमोला,ग्राम प्रधान महावीर राणा,सुरेंद्र देवजानी,कृपाल सिंह राणा, एपीडी रमेशचंद्र आर्य,पर्यावरण विशेषज्ञ प्रताप मटूड़ा सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *