जिले की विभिन्न गैस एजेंसियों का जिला पूर्ति विभाग द्वारा निरीक्षण, दो-दो दिन का बैकलॉग पाया गया

देहरादून। उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की आपूर्ति में हो रही देरी की शिकायतों के दृष्टिगत जिला पूर्ति कार्यालय की टीम द्वारा जनपद देहरादून की विभिन्न गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) से संबद्ध कई गैस एजेंसियों में लगभग दो-दो दिन का बैकलॉग पाया गया।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के चलते आयल कंपनियों को गैस आपूर्ति में आंशिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिसका प्रभाव स्थानीय एजेंसियों की आपूर्ति व्यवस्था पर भी पड़ा है। निरीक्षण के दौरान एजेंसी संचालकों को निर्देशित किया गया कि उपभोक्ताओं को समयबद्ध रूप से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए तथा वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखी जाए।
विभागीय टीम द्वारा एजेंसियों के स्टॉक रजिस्टर, वितरण व्यवस्था तथा उपभोक्ताओं की बुकिंग से संबंधित अभिलेखों का भी परीक्षण किया गया। साथ ही एजेंसी संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिला पूर्ति विभाग द्वारा जनपद में गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए निरंतर निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यकता पड़ने पर आगे भी औचक निरीक्षण किए जाएंगे।

