साईं सृजन पटल का ‘लेखक श्री सम्मान’ डॉ. महेंद्र परमार को, उत्तरकाशी में हुआ भव्य सम्मान समारोह

Spread the love

उत्तरकाशी(अंकित तिवारी)। साहित्य, शोध और कृषि नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए राम चन्द्र उनियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, उत्तरकाशी के वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. महेंद्र पाल सिंह परमार को देहरादून स्थित साहित्यिक संस्था साईं सृजन पटल द्वारा प्रतिष्ठित ‘लेखक श्री सम्मान’ से सम्मानित किया गया।

मंगलवार को महाविद्यालय परिसर में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में साईं सृजन पटल के संस्थापक एवं सेवानिवृत्त प्राचार्य प्रो. के. एल. तलवाड़ ने डॉ. परमार को स्मृति चिन्ह तथा पत्रिकाओं का विशेष सेट भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि डॉ. परमार ने साईं सृजन पटल की मासिक पत्रिका के विभिन्न अंकों में ज्ञानवर्धक और शोधपरक लेखों के माध्यम से पाठकों को नई दिशा दी है। उच्च सघन खेती, वर्टिकल व रूफ टॉप फार्मिंग, पॉली हाउस तकनीक तथा हर्बल गार्डन जैसे समसामयिक और उपयोगी विषयों पर उनके लेखों को पत्रिका में विशेष प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया गया, जो किसानों, शोधार्थियों और युवाओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रहे हैं।

प्रो. तलवाड़ ने अपने संबोधन में बताया कि उनका जन्म एवं समस्त शिक्षा उत्तरकाशी में ही हुई है और उनका सौभाग्य रहा कि इसी महाविद्यालय में उन्हें लगभग दस वर्षों तक अर्थशास्त्र प्रवक्ता के रूप में सेवाएं देने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि विगत दो वर्षों से देहरादून से साईं सृजन पटल मासिक पत्रिका का नियमित प्रकाशन किया जा रहा है, जिसमें नवोदित एवं प्रतिभाशाली लेखकों की रचनाओं को विशेष प्राथमिकता दी जाती है।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पंकज पंत, डॉ. जय लक्ष्मी रावत, डॉ. आराधना चौहान, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मोहन लाल शाह, वरिष्ठ पत्रकार कुंवर साब सिंह कलूड़ा, गजेंद्र पडियार तथा सह-संपादक अमन तलवाड़ सहित अनेक शिक्षाविद्, साहित्यकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. परमार को इस सम्मान के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल साहित्यिक एवं अकादमिक भविष्य की कामना की।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *