उत्तराखंड लोक सांस्कृतिक मंच द्वारा भव्य उत्तरायणी पर्व का आयोजन

Spread the love


नई दिल्ली।
उत्तराखंड लोक सांस्कृतिक मंच द्वारा वसंतकुंज स्थित डीडीए फ्लैट्स के सेंट्रल पार्क में उत्तरायणी पर्व का भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की मनमोहक झलक देखने को मिली। कार्यक्रम को उत्तराखंड प्रवासी समाज ने पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया।
कार्यक्रम में कलाकारों का संयोजन हिमाद्री फिल्म्स द्वारा किया गया। आयोजन के प्रथम सत्र में समिति की उत्तराखंडी महिलाओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेते हुए अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया।
संध्याकालीन सत्र में प्रसिद्ध लोक गायक दर्शन फर्शवान, मंच संचालक पन्नू गुसाईं, लोक गायिका पम्मी नवल एवं लोक गायिका माया उपाध्याय की रंगारंग प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। वहीं भगवत मनराल ग्रुप की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुति ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।


कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक कैलाश गहलोत, अनिल शर्मा, निगम पार्षदों सहित समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने आयोजन समिति को सफल कार्यक्रम के लिए शुभकामनाएं दीं और उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने के प्रयास की सराहना की।
समिति का यह पहला प्रयास अत्यंत सफल रहा, जिसमें हजारों की संख्या में उत्तराखंड प्रवासी समाज के लोग शामिल हुए और सभी ने मिलकर उत्तरायणी पर्व को भव्य स्वरूप प्रदान किया। इस अवसर पर समाजसेवियों को मंच पर सम्मानित भी किया गया।
भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से कलाकारों ने पहाड़ों की संस्कृति का जादू बिखेरा। कार्यक्रम में उपस्थित उत्तराखंड प्रवासी समाज अपने परिवारों के साथ गीत-संगीत और नृत्य का आनंद लेते हुए मेले के माहौल में नजर आया।
आयोजन समिति के प्रमुख सदस्य आलोक ढौंडियाल ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड की संस्कृति को घर-घर तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान बद्रीनाथ धाम एवं केदारनाथ धाम की झलकियां भी प्रस्तुत की गईं।
उन्होंने यह भी बताया कि आगामी वर्षों में इस आयोजन को और अधिक भव्य रूप दिया जाएगा। इस वर्ष दक्षिणी दिल्ली, आर.के. पुरम, वसंत कुंज, द्वारका, बिजवासन सहित विभिन्न क्षेत्रों के पहाड़ी समाज को आमंत्रित कर उत्तराखंड प्रवासी समाज को एकजुट करने का प्रयास किया गया।
इसके साथ ही आर.के. पुरम एवं द्वारका क्षेत्र की विभिन्न समितियों के सदस्यों को भी मंच पर सम्मानित किया गया। समिति के सदस्यों ने बताया कि यह उनका प्रथम प्रयास था और भविष्य में इस आयोजन को और अधिक व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति के सभी सदस्यों ने सफल आयोजन के लिए उपस्थित जनसमूह एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *