अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर सरकार हर जांच के लिए तैयार: सुबोध उनियाल

Spread the love


देहरादून।
अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े हालिया घटनाक्रमों और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को लेकर उठ रहे सवालों के बीच प्रदेश सरकार की ओर से पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है। सरकार के वरिष्ठ मंत्री श्री सुबोध उनियाल ने आज पत्रकार वार्ता कर स्पष्ट किया कि यदि इस मामले में किसी के पास ठोस और विश्वसनीय साक्ष्य हैं तो उन्हें सामने लाया जाए, सरकार हर प्रकार की जांच के लिए पूर्ण रूप से तैयार है।
मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि यह अत्यंत संवेदनशील मामला है, लेकिन जिस प्रकार से वर्तमान में माहौल बनाया जा रहा है, वह किसी राजनीतिक षड्यंत्र का हिस्सा भी हो सकता है। उन्होंने कहा कि इस हत्याकांड की जांच विशेष जांच टीम (SIT) द्वारा की गई थी, जिसे सत्र न्यायालय, उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय तीनों ने सही ठहराया है। अदालतों ने स्वयं यह माना था कि इस प्रकरण में सीबीआई जांच की आवश्यकता नहीं है।


उन्होंने बताया कि निचली अदालत द्वारा आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है, जो इस बात का प्रमाण है कि एसआईटी की जांच मजबूत और न्यायसंगत थी। उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय ने भी एसआईटी जांच पर विश्वास जताया था।
सुबोध उनियाल ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और लगाए जा रहे आरोपों पर कहा कि आरोप लगाने वालों को उनकी विश्वसनीयता सिद्ध करने के लिए ठोस प्रमाण प्रस्तुत करने चाहिए। केवल अफवाहों और अप्रमाणित आरोपों के आधार पर बेवजह विवाद खड़ा किया जा रहा है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि किसी के पास इस मामले से संबंधित ठोस साक्ष्य हैं और वह सामने आता है, तो सरकार न केवल निष्पक्ष जांच कराएगी, बल्कि साक्ष्य देने वालों को पूरी सुरक्षा भी प्रदान की जाएगी।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *