आर.के.पुरम जनकल्याण समिति की बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय
देहरादून। आर.के.पुरम जनकल्याण समिति जोगीवाला की द्वितीय मासिक बैठक में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सर्वप्रथम प्रथम समिति सचिव प्रो.के.एल तलवाड़ ने प्रथम बैठक में लिए गए निर्णय और उनके क्रियान्वयन के संबंध में सदस्यों को अवगत कराया। कोषाध्यक्ष श्रीमती नीलम तलवाड़ ने दिसंबर तक का आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया। बैठक में सर्वप्रथम सर्वसम्मति से काॅलोनी के प्रवेश द्वार पर गेट लगाने का प्रस्ताव पारित किया गया।काॅलोनी से सटे हुए वेडिंग प्वाइंट में रात दस बजे के बाद डीजे बजने पर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाने की बात कही गई, जिस पर सहमति बनी। सुरक्षा की दृष्टि से काॅलोनी के इन्ट्री प्वाइंट पर सी.सी.टी.वी. कैमरे लगाने का सुझाव भी सदस्यों ने दिया। अनेक सदस्यों ने काॅलोनी में सुव्यवस्थित पार्किंग और साफ-सफाई पर ध्यान देने पर जोर दिया। साथ ही बंदरों की बढ़ती समस्या से निपटने के लिए कारगर प्रयास को आवश्यक बताया। बैठक में समिति के संरक्षक एडवोकेट लाखी सिंह चौहान, पूर्व संरक्षक केशर सिंह ऐर,प्रो.डी.डी.मैठाणी,डाॅ.एस.डी.जोशी,संजय वालिया,बिजेंद्र मेंगवाल,मनीष पटेल,मोहन चन्द्र लोहनी,श्रीमती कमला चौहान, डाॅ.कविता सिंह, श्रीमती रजनी अरोड़ा व श्रीमती किरन रावत आदि उपस्थित थे। बैठक के अंत में समिति की अध्यक्ष डाॅ. कमलेश भारती ने समस्त उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए नववर्ष की शुभकामनाएं दी।




