भिलंगना ब्लॉक का पिलखी अस्पताल सवालों के घेरे में — प्रसव के बाद महिला की मौत मचा हड़कंप…
टिहरी गढ़वाल: पिलखी अस्पताल में फिर लापरवाही! प्रसव के 24 घंटे बाद युवती की मौत, डॉक्टर की अनुपस्थिति पर उठे सवाल
भिलंगना (टिहरी गढ़वाल)।
विकासखंड भिलंगना के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिलखी से एक बार फिर गंभीर मामला सामने आया है। बासर पट्टी के सेम गांव निवासी 22 वर्षीय रवीना कठैत पत्नी कुलदीप सिंह कठैत की प्रसव के 24 घंटे बाद मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि रात के समय अस्पताल में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था, केवल वार्ड बॉय के सहारे अस्पताल चल रहा था।

( रवीना का फाइल फोटो)
जानकारी के अनुसार, प्रसव के बाद गुरुवार रात रवीना की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी। परिजनों ने जब अस्पताल कर्मचारियों को सूचना दी तो डॉक्टर अनुपस्थित थे। बाद में रवीना को 108 एंबुलेंस से ऑक्सीजन सपोर्ट पर बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सीएमओ ने दी सफाई
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. श्याम विजय ने बताया कि रवीना का पूर्व में हृदय संबंधी ऑपरेशन हुआ था, जिसकी जानकारी परिजनों ने डॉक्टरों को नहीं दी थी। उन्होंने कहा कि प्रसव सामान्य था और बाद में तबीयत बिगड़ने पर सभी आवश्यक चिकित्सकीय उपचार उपलब्ध कराए गए।
स्थानीयों में आक्रोश
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पिलखी अस्पताल में डॉक्टरों की अनुपस्थिति और रात्रिकालीन अव्यवस्था पहले भी कई बार जानलेवा साबित हुई है। इससे पहले भी एक महिला अनीशा रावत की मौत इसी अस्पताल से रेफर होने के बाद हो चुकी है।
पूर्व विधायक की चेतावनी
पूर्व विधायक घनसाली भीमलाल आर्य ने कहा कि “यह दूसरी घटना है, बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं की वजह से हमने अपनी बहन को खो दिया।” उन्होंने मांग की कि घनसाली में उपजिलाचिकित्सालय खोला जाए और पिलखी व बेलेश्वर स्वास्थ्य केंद्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि शनिवार को मृतका की अंत्येष्टि के बाद रविवार से दोनों अस्पतालों में तालाबंदी कर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।

