हिन्दू महासभा ने डिजिटल स्वरोजगार का दीपक जलाकर दीपावली पर्व मनाने का आह्वान किया – बी एन तिवारी

नई दिल्ली, अखिल भारत हिन्दू महासभा के स्वरोजगार प्रकोष्ठ अखिल भारत स्वरोजगार मिशन और जस्ट डन के पदाधिकारियों ने आज अखिल भारत हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्विवेदी से उनके कार्यालय पर भेंट कर उन्हें, धनतेरस, दीपावली, भाईदूज और विश्वकर्मा दिवस की शुभकामनाएं दी। प्रतिनिधिमंडल में स्वरोजगार मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं जस्ट डन के संस्थापक हिमांशु झा, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी ओम पाल सिंह और हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रोफेसर यशपाल सिंह, राष्ट्रीय प्रवक्ता मदन लाल गुप्ता सहित अनेक पदाधिकारी शामिल थे।
हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता बी एन तिवारी ने आज जारी बयान में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्विवेदी ने प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते हुए उन्हें भी दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व आर्थिक उन्नति, खुशहाली और सम्पन्नता का पर्व है। यह पर्व सबको एकता, समानता और संप्रभुता के साथ विश्व के नागरिकों को बंधुत्व और प्रेम के सूत्र में पिरोने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि आर्थिक समृद्धि और खुशहाली के बिना दीपावली पर्व का उत्साह अधूरा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्विवेदी ने अखिल भारत स्वरोजगार मिशन और जस्ट डन द्वारा भारत के नागरिकों को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आर्थिक उन्नति और आर्थिक आजादी से जोड़ने के लिए चलाए जा रहे अभियान की प्रशंसा करते हुए कहा कि जस्ट डन आर्थिक आजादी के माध्यम से देशवासियों को प्रत्येक दिन दीपावली मनाने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने दीपावली पर्व की खुशियां चौगुनी करने के लिए देश के नागरिकों से जस्ट डन के स्वरोजगार से जुड़ने और कम से कम अपने पांच परिचितों को स्वरोजगार से जोड़ने का संकल्प लेकर दीपावली के दीपक जलाने का आह्वान किया। उन्होंने इस दीपावली पर डिजिटल रोजगार के दीपक जलाकर दीप उत्सव मनाने की अपील की। जारी बयान में बी एन तिवारी ने बताया कि स्वरोजगार मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हिमांशु झा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्विवेदी के विचारों का स्वागत करते हुए कहा कि जस्ट डन और स्वरोजगार मिशन ने एक करोड़ नागरिकों को डिजिटल स्वरोजगार से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है। भारत का कोई भी नागरिक निशुल्क डिजिटल स्वरोजगार से जुड़कर अपने जीवन को आर्थिक सशक्तीकरण से जोड़ कर भारत को आर्थिक महाशक्ति बनाने में अपना विशिष्ट योगदान दे सकता है। राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी ओम पाल सिंह ने कहा कि हिन्दू महासभा और जस्ट डन का स्वरोजगार मिशन भारत को बेरोजगारी और नौकरी पर निर्भरता की समस्या से मुक्त करवाने में विशेष भूमिका का निर्वहन कर रहा है। राष्ट्रीय प्रवक्ता बी एन तिवारी ने दीपावली पर्व पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अपने से कम को देकर उसके जीवन में खुशियों के दीप जलाना ही वास्तविक दीपोत्सव है। सक्षम व्यक्ति को चाहिए कि वो कमजोर और गरीब वर्ग के नागरिकों के आर्थिक अभाव को दूर कर उसके जीवन में प्रसन्नता की रोशनी फैलाए और उसे भी मुस्कुराने का अवसर प्रदान करें।

