9 दिन छिपी रहीं उर्मिला सनावर अब उत्तराखंड लौट रहीं:स्वामी दर्शन भारती ने दी सुरक्षा, दिल्ली से देहरादून के लिए रवाना

उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े ऑडियो क्लिप व ब्लैकमेलिंग के मामलों में घिरी सहारनपुर निवासी अभिनेत्री उर्मिला सनावर आज देहरादून पहुंच गई हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार उर्मिला बुधवार को विशेष जांच टीम (SIT) के समक्ष पेश होंगी, जहां उनसे विस्तृत पूछताछ की जाएगी।
बीते कई दिनों से उर्मिला सनावर का कोई अता-पता नहीं था। उनका मोबाइल फोन भी लगातार स्विच ऑफ आ रहा था। इस दौरान हरिद्वार पुलिस द्वारा सहारनपुर स्थित उनके आवास पर नोटिस चस्पा किया गया था और बयान व साक्ष्यों के साथ पेश होने के निर्देश दिए गए थे।
अभिनेत्री उर्मिला सनावर सहारनपुर के थाना सदर बाजार क्षेत्र अंतर्गत गोविंद नगर मोहल्ले की निवासी हैं। वह हरिद्वार जिले की ज्वालापुर विधानसभा से पूर्व विधायक सुरेश राठौर से विवाह के बाद सुर्खियों में आई थीं।
उर्मिला सनावर ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में भाजपा नेताओं की संलिप्तता का आरोप लगाया है। इसी सिलसिले में 29 दिसंबर को वह फेसबुक लाइव पर आई थीं, जिसके बाद से वह संपर्क में नहीं आ रही थीं।
भ्रामक वीडियो व साजिश का आरोप भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी की ओर से डालनवाला थाना, देहरादून में पूर्व विधायक सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि दोनों ने जानबूझकर सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो जारी कर छवि धूमिल करने और दंगे भड़काने की साजिश रची।
तहरीर में कांग्रेस, यूकेडी और आम आदमी पार्टी को भी इस कथित साजिश का सूत्रधार बताते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की गई है।
उल्लेखनीय है कि उर्मिला सनावर कई फिल्मों और टीवी धारावाहिकों में अभिनय कर चुकी हैं। अब उनके देहरादून पहुंचने के बाद इस मामले में जांच तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

