दून पुलिस में बड़ा फेरबदल: आधी रात 30 दरोगा-इंस्पेक्टरों के तबादले
देहरादून पुलिस में शुक्रवार देर रात बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए नागरिक पुलिस के 30 निरीक्षक और उपनिरीक्षकों के तबादले कर दिए गए। जारी सूची के अनुसार कई पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन से विभिन्न थानों में तैनाती दी गई है, जबकि कई को एक थाना से दूसरे थाना और चौकी में स्थानांतरित किया गया है।
इस फेरबदल में नेहरू कॉलोनी, रायपुर, पटेलनगर, प्रेमनगर, विकासनगर, रानीपोखरी, सहसपुर, राजपुर जैसे प्रमुख थानों में नई तैनातियां की गई हैं। साथ ही कुछ अधिकारियों को चौकी प्रभारी और विशेष शाखाओं में भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सूची के अनुसार निरीक्षक स्तर पर भी बदलाव किए गए हैं, जिनमें कुछ को थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं उपनिरीक्षकों को विभिन्न चौकियों और थानों में नई पोस्टिंग दी गई है।
पुलिस विभाग के अनुसार यह फेरबदल कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने तथा कार्यप्रणाली में सुधार के उद्देश्य से किया गया है। हाल के दिनों में देहरादून में हुई घटनाओं के मद्देनजर यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


