जल शक्ति मंत्रालय से जुड़ा सीधा प्रसारण, केंद्रीय मंत्री ने ग्रामीणों से किया संवाद

Spread the love

द्वारिखाल के हथनूड़ ढांगू में ‘जल अर्पण दिवस’ मनाया, जल संरक्षण का लिया संकल्प

पौड़ी/22 मार्च 2026:
विकासखंड द्वारीखाल के ग्राम पंचायत हथनूड़ ढांगू में रविवार को विश्व जल दिवस के उपलक्ष्य में ‘जल अर्पण दिवस’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद ग्राम प्रधान गीता चौहान के नेतृत्व में जल बंधन कार्यक्रम के तहत मंदिर परिसर स्थित जल स्रोतों का पूजन कर उन्हें कलावा बांधकर संरक्षण का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय से किया गया। इस दौरान केंद्रीय पेयजल मंत्री सी.आर. पाटिल ने ग्राम प्रधान गीता चौहान, बृजमोहन सिंह, उर्मिला देवी, सतीश सिंह व स्कूली छात्रों से संवाद कर जल जीवन मिशन से मिले लाभों की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि घर-घर जल पहुंचने से उनके दैनिक जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है और समय की बचत हुई है।

कार्यक्रम के दौरान अधिशासी अभियंता जल संस्थान कोटद्वार अभिषेक कुमार वर्मा ने ग्राम प्रधान को पेयजल योजना से संबंधित हस्ताक्षरित प्रति सौंपते हुए योजना की जानकारी दी। इस मौके पर स्थानीय कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जबकि स्कूली बच्चों ने चित्रकला व निबंध प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत भी किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट ने कहा कि जल संरक्षण आज केवल एक विकल्प नहीं बल्कि अनिवार्यता बन चुका है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के माध्यम से हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है, जिससे विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं और बच्चों को राहत मिली है। उन्होंने लोगों से जल का दुरुपयोग न करने और वर्षा जल संचयन अपनाने की अपील की।

पेयजल एवं स्वच्छता निदेशक प्रदीप सिंह ने कहा कि जल संरक्षण एक गंभीर वैश्विक चुनौती है और इसके लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के साथ-साथ जल स्रोतों के संरक्षण और पुनर्भरण पर भी विशेष ध्यान देना जरूरी है।

मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने कहा कि जनपद में जल जीवन मिशन के तहत योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। साथ ही जल संरक्षण को लेकर जनजागरुकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं, ताकि लोग जल के महत्व को समझें और इसे बचाने में अपनी भागीदारी निभाएं।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान, अधीक्षण अभियंता जल जीवन मिशन मो. मीशम, अधीक्षण अभियंता जल संस्थान प्रवीण सैनी, खंड विकास अधिकारी जयकृत सिंह बिष्ट, तहसीलदार वैभव जोशी, कार्यक्रम प्रबंधक कनुप्रिया रावत, अपर सहायक अभियंता हिमांशु त्यागी, सहायक अभियंता देवकी नंदन सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *