हरिद्वार में जीएसटी कार्यालय का क्लर्क रिश्वत लेते रंगेहाथों गिरफ्तार

Spread the love

हरिद्वार। जीएसटी कार्यालय में कार्यरत डाटा क्लर्क प्रमोद सेमवाल (उपनल कर्मी) को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान को दी तहरीर में बताया कि उसकी हिमांशी पैकेजिंग इंडस्ट्री वर्ष 2021 में बंद हो चुकी है। जीएसटी लागू होने से पूर्व वर्ष 2017 के अंतिम तीन माह के वैट टैक्स के निपटान के संबंध में विभाग द्वारा 1 लाख 76 हजार रुपये की देयता बताई गई थी। इस प्रकरण को निपटाने के एवज में जीएसटी कार्यालय में तैनात डाटा क्लर्क प्रमोद सेमवाल ने कथित तौर पर 1 लाख 20 हजार रुपये नगद की मांग की और राशि किस्तों में देने को कहा।
शिकायत की जांच के बाद सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने जाल बिछाया। योजना के अनुसार आज सहायक आयुक्त राज्य कर, खंड 3, हरिद्वार कार्यालय के पास प्रमोद सेमवाल को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी की पहचान प्रमोद सेमवाल पुत्र शिव शरण सेमवाल, निवासी सिद्धार्थ एन्क्लेव, द्वारिका विहार, निकट फुटबॉल ग्राउंड, जगजीतपुर, कनखल, हरिद्वार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वह पिछले 18 वर्षों से उपनल के माध्यम से डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर सहायक आयुक्त राज्य कर खंड 3, हरिद्वार कार्यालय में कार्यरत था। सतर्कता अधिष्ठान द्वारा आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *