बड़ी खबर: उत्तराखंड में IAS – PCS के हुए तबादले

Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड में आईएएस (IAS) और पीसीएस (PCS) अधिकारियों के अलावा सचिवालय सेवा के अधिकारियों की जिम्मेदारी में बदलाव किया गया है। हालांकि, काफी दिनों से तबादला सूची जारी होने की खबर सामने आ रही थी। ऐसे में अब राज्य सरकार ने विभिन्न जिलों के जिलाधिकारी के अलावा अन्य जिम्मेदारियो पर भी बदलाव से जुड़ाव आदेश जारी किया है।

उत्तराखंड शासन ने एक बार फिर तबादला सूची जारी की है। इसको लेकर काफी समय से पहले से ही चर्चा चल रही थी, लेकिन अब जाकर कुछ IAS अधिकारियों के अलावा PCS अधिकारी और सचिवालय सेवा के अफसरो की जिम्मेदारी में बदलाव किया गया है। सूची में सबसे खास नाम प्रतीक जैन का रहा है, जो कि रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी हाल ही में बनाए गए थे, लेकिन कुछ ही समय में उन्हें इस पद से हटाया गया है। खास बात ये है कि पिछले दिनों जिलाधिकारी के रूप में वो एक धार्मिक विवाद को लेकर काफी चर्चा में रहे।

जारी की गई तबादला सूची के अनुसार आईएएस अधिकारी संजय कुमार से निदेशक सेवायोजन की जिम्मेदारी वापस ली गई है। इसी तरह 2016 बैच के आईएएस अधिकारी सौरभ गहरवाल को अपर सचिव उद्योग और निर्देशक राजकीय मुद्रणालय की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। तबादला सूची में 2016 बैच के नरेंद्र सिंह भंडारी को अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी पर्यटन विकास परिषद के साथ ही निर्देशक सेवा आयोजन की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।

साल 2017 बैच के विनोद गिरि गोस्वामी को भी अपर सचिव आवास, मुख्य कार्यपालक अधिकारी भागीरथी नदी घाटी विकास प्राधिकरण की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी प्रतीक जैन को भी जिले से हटाया गया है। उन्हें अब प्रबंध निदेशक गढ़वाल मंडल विकास निगम के अलावा मिशन निदेशक जल जीवन मिशन की जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह 2018 बैच के आईएएस अधिकारी प्रतीक जैन को रुद्रप्रयाग से हटाने के बाद उनकी जगह 2018 बैच के ही विशाल मिश्रा को रुद्रप्रयाग जिले का जिलाधिकारी बनाया गया है।

पीसीएस अधिकारी गिरधारी सिंह रावत को अब अपर सचिव अल्पसंख्यक कल्याण के अलावा निर्देशक अल्पसंख्यक कल्याण और निर्देशक उत्तराखंड मदरसा शिक्षा परिषद की भी जिम्मेदारी दी गई है। सचिवालय सेवा के सुरेश जोशी को अपर सचिव जनगणना की अतिरिक्त जिम्मेदारी मिली है। उधर सचिवालय सेवा के कविंद्र सिंह को अपर सचिव कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी मिली है।

त्रिलोक सिंह मार्तोलिया को प्रबंध निदेशक शुगर मिल किच्छा का अतिरिक्त प्रभार मिला है। अब्ज प्रसाद वाजपेई को सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी की जिम्मेदारी मिली है। इससे हटकर पीसीएस अधिकारी कमलेश मेहता को टिहरी गढ़वाल के डिप्टी कलेक्टर के पद पर तैनात किया गया है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *