भीषण अग्निकांड में 19 वर्षीय युवती की जिंदा जलकर मौत, पिता झुलसे
गरमपानी/नैनीताल।
उत्तराखंड के नैनीताल जनपद अंतर्गत रामगढ़ ब्लॉक के दियारी गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर के एक कमरे में अचानक लगी भीषण आग की चपेट में आने से 19 वर्षीय युवती मीना आर्य की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि उसे बचाने के प्रयास में उसके पिता गोविंद लाल गंभीर रूप से झुलस गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोविंद लाल के मकान के एक कमरे में अचानक आग भड़क उठी। उस समय उनकी पुत्री मीना आर्य कमरे के भीतर मौजूद थी। कमरे से धुआं और आग की लपटें उठती देख परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। पिता गोविंद लाल ने बेटी को बचाने के लिए आग में कूदकर प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण वह सफल नहीं हो सके और स्वयं भी झुलस गए।
घटना की सूचना मिलते ही क्वारब चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई मनोज अधिकारी के नेतृत्व में पुलिस कर्मियों आनंद राणा, विजय अगारी एवं गोपाल बिष्ट ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाने का प्रयास किया। बाद में अल्मोड़ा से दमकल विभाग की टीम को बुलाया गया, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका।
गंभीर रूप से झुलसी युवती को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुयालबाड़ी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायल पिता का अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया है।
घटना के बाद से मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है तथा पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस के अनुसार, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और मामले की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

