15वें उत्तराखंड महाकौथिग का भव्य शुभारम्भ, पहले दिन प्रीतम भरतवाण के जागर गीतों की रही धूम


नोएडा, 2025:
नोएडा स्टेडियम में आयोजित 7 दिवसीय “उत्तराखंड महाकौथिग” के 15वें संस्करण का शुभारम्भ आज भव्य रूप से हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि नरेश बंसल, राज्यसभा सांसद एवं अर्जुन सिंह राणा द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। पर्वतीय सांस्कृतिक संस्था द्वारा आयोजित इस वर्ष के महाकौथिग में उत्तराखंड के प्रसिद्ध जागेश्वर धाम मंदिर की थीम पर आकर्षक एवं भव्य मंच सजाया गया है।


महाकौथिग के शुभारम्भ अवसर पर सुबह नोएडा स्टेडियम में उत्तराखंड के पारंपरिक वाद्य यंत्रों और लोक संगीत के साथ अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। मेले के आगाज के साथ ही पहाड़ के लोक कलाकारों ने उत्तराखंडी लोक गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का दिल जीत लिया।
शाम के सत्र का शुभारम्भ पुनः राज्यसभा सांसद नरेश बंसल द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात घुघुती सांस्कृतिक कला मंच की निर्देशिका कोमल राणा नेगी के नेतृत्व में उनकी टीम ने “बद्री केदार तेरी जय…” की मधुर वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत की। मंच संचालन आयुषी जुयाल एवं अनिल गोदियाल द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध लोक गायक एवं “जागर सम्राट” प्रीतम भरतवाण, जिन्होंने अपने जागर गीतों के माध्यम से देवी-देवताओं का आह्वान किया। उनके जागर गीतों के दौरान कई श्रद्धालुओं में देवी-देवताओं के भाव देखने को मिले, जिन्हें प्रीतम भरतवाण के जागरों के माध्यम से शांत किया गया। उनकी प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक और भक्तिमय बना दिया।
इस वर्ष महाकौथिग में उत्तराखंड के पहाड़ी उत्पादों के लगभग 150 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें उत्तराखंडी व्यंजन, दालें, अनाज, पहाड़ी मिठाइयाँ, वस्त्र एवं अन्य स्थानीय उत्पाद उपलब्ध हैं। पहाड़ी व्यंजनों के शौक़ीनों के लिए घर्या दाल-भात, चैन्सू, फांडू, मीठा भात, झंगोरे की खीर, आलू-मूला की थिन्चोणी, कंडेली का साग, भांग की चटनी, आलू के गुटके, पल्यो, कोदे, मुंगरी की रोटी सहित अनेक पारंपरिक व्यंजन उचित दामों पर उपलब्ध हैं।
इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य संयोजक राजेन्द्र चौहान, स्वरकोकिला कल्पना चौहान, चेयरमैन आदित्य घिल्डियाल, अध्यक्ष हरीश असवाल, संयोजिका इंदिरा चौधरी, मीडिया प्रभारी रजनी ढौंडियाल जोशी सहित हजारों की संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।


