नागरिकों को संतोषजनक समाधान प्रदान करना प्रशासन का मुख्य उद्देश्य : डीएम

उत्तरकाशी, 27 नवंबर 2025
सीएम हेल्पलाइन और जन समर्पण पोर्टल: डीएम ने की समीक्षा, लंबित शिकायतों पर जताई नाराज़गी
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में सीएम शिकायत हेल्पलाइन और जन समर्पण पोर्टल पर प्राप्त होने वाली जन शिकायतों के निस्तारण की प्रगति की गहन समीक्षा बैठक ली।

जिलाधिकारी ने जन शिकायतों के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए और कहा कि किसी भी स्तर पर शिकायतों के लंबित रहने या उनके निस्तारण में अनावश्यक देरी को गंभीरता से लिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने शिकायतों की प्रकृति के अनुसार उनके वर्गीकरण और संबंधित विभागों को उनके समुचित हस्तांतरण की प्रक्रिया की भी समीक्षा की। कहा कि नागरिकों को संतोषजनक समाधान प्रदान करना प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जन समर्थन पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की विभागवार और अधिकारीवार समीक्षा करते हुए, निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान केंद्रित किया और जिन विभागों में शिकायतों के निस्तारण की दर धीमी है एवं फीडबैक संतोषजनक नहीं है उन पर गहरी नाराजगी जताते हुए समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिये।
बैठक में जनपद के समस्त विभागाध्यक्ष वीसी के माध्यम से जुड़े।


