जुलेड़ी में आयोजित हुआ बहुउद्देशीय शिविर, स्थानीय लोगों को योजनाओं से किया गया लाभान्वित

Spread the love

आधार कैंप में 25 लोगों ने अपने आधार कार्ड सुधारीकरण किए

पौड़ी/31 अक्टूबर 2025
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन पर विकासखंड यमकेश्वर की जुलेड़ी ग्राम पंचायत के जूनियर हाईस्कूल देवीखाल में शुक्रवार को समाज कल्याण विभाग की ओर से बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई योजनाओं की जानकारी दी। यह शिविर जनपद के समस्त विकासखंडों में अलग–अलग तिथियों में आयोजित किए जाएंगे।

आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक रेनू बिष्ट ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने स्थानीय लोगों को कहा कि ऐसे शिविरों का अधिक से अधिक लाभ लें। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार जनता के हित में निरंतर कार्य कर रही है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि जुलेड़ी-धारकोट मोटर मार्ग का डामरीकरण जल्द किया जाएगा। सड़क का सर्वे पूरा हो चुका है और छूटे हुए 14 किलोमीटर हिस्से का निर्माण भी शीघ्र शुरू होगा। उन्होंने बताया कि नीलकंठ बायपास मोटरमार्ग का भी डामरीकरण किया जाएगा, शेष 5 किमी भाग के लिए बजट स्वीकृत हो चुका है। उन्होंने अधिकारियों को केंद्र और राज्य की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनी।

शिविर के दौरान आधार कैंप में 25 लोगों ने अपने आधार कार्ड सुधारीकरण किए। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि शिविर में कमल किशोर और अमर सिंह भंडारी के दिव्यांग प्रमाणपत्र बनाए गए। साथ ही ग्रामीणों को आयुष्मान भारत योजना के लाभों के बारे में जानकारी दी गयी।

प्रभारी कृषि अधिकारी महक सिंह ने बताया कि कृषि विभाग द्वारा किसानों को गेहूं और मसूर के बीजों पर 50 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है। उन्होंने बताया कि सिंचाई के लिए टैंक निर्माण और कृषि यंत्र भी सब्सिडी दरों पर उपलब्ध हैं। उद्यान विभाग के सहायक उद्यान अधिकारी सुमन बिजल्वाण ने कहा कि ग्रामीण 50 व 100 वर्ग मीटर के पॉलीहाउस लगा सकते हैं। पॉलीहाउस से फसलें जंगली जानवरों से सुरक्षित रहती हैं और उत्पादन भी बढ़ता है। ग्रामीणों ने जुलेड़ी व आसपास के गांवों में मोबाइल नेटवर्क की समस्या भी रखी। विधायक रेनू बिष्ट ने मौके पर अधिकारियों को नेटवर्क की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।

पशुपालन विभाग की डॉ. सपना बिष्ट ने किसान क्रेडिट कार्ड योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बद्री गाय पर 18 हजार, दुग्ध देने वाली गाय पर 30 हजार से 50 हजार, भैंस पर 54 हजार और बकरी पर 7 हजार क्रेडिट की सीमा है। केसीसी कार्ड बनने पर पशुपालक 54 हजार तक की ऋण राशि का लाभ ले सकते हैं।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख यमकेश्वर सीता चौहान, एसडीएम चतर सिंह चौहान, बीडीओ दृष्टि आनंद, तहसीलदार वैभव जोशी, एडीओ पंचायत दिनेश रावत, रवि अरोड़ा, जिला पंचायत सदस्य गीता पयाल, ग्राम प्रधान रजनी देवी, महेश जोशी, महेश प्रताप, विक्रांत, पूरण नेगी, पूनम मिश्रा सहित अन्य उपस्थित रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *