जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की तत्परता से बची जान, हार्ट अटैक के मरीज को हेली सेवा से एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया

Spread the love


रुद्रप्रयाग

जनपद रुद्रप्रयाग में जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई से एक गंभीर हृदय रोगी को समय रहते उच्च संस्थान पहुंचाकर जीवनरक्षा का सफल प्रयास किया गया।

आज दिनांक 15 अप्रैल, 2026 को जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में हार्ट अटैक से पीड़ित एक मरीज को प्राथमिक उपचार दिया गया। मरीज श्री कुंदीलाल (41 वर्ष), निवासी जखोली, को चिकित्सकों द्वारा तत्काल थ्रोम्बोलाइसिस (Thrombolysis) एवं इंट्यूबेशन (Intubation) किया गया।

मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए यूकाडा के सहयोग से हेली सेवा के माध्यम से एयरलिफ्ट की व्यवस्था सुनिश्चित की। मरीज को गुलाबराय हेलीपैड से एम्स ऋषिकेश के लिए रवाना किया गया।

हेली एम्बुलेंस टीम द्वारा रास्ते में लगातार अथक प्रयास करते हुए मरीज की स्थिति को नियंत्रित रखा गया और सुरक्षित रूप से एम्स ऋषिकेश इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा मरीज को स्थिर किया गया। वर्तमान में मरीज की हालत स्थिर बताई जा रही है तथा आगे की जांच एवं उपचार की प्रक्रिया जारी है।

इस पूरी कार्यवाही में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ रामप्रकाश, जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग के चिकित्सक डॉ. अथिरा, डॉ. दीपिका कांडपाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार, कैप्टन राजेश भारद्वाज तथा विक्रांत भारद्वाज के समेकित एवं त्वरित प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसके परिणामस्वरूप मरीज को समय पर उच्च चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सकी।

यह घटना आपातकालीन परिस्थितियों में जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य सेवाओं की सजगता और बेहतर समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *