वरुणावत टॉप पर बनेगा इको पार्क, डीएम ने दिए डिजाइन तैयार करने के निर्देश
उत्तरकाशी 10 फरवरी
इको टूरिज्म को बढ़ावा देने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी क्रम में वरुणावत पर्वत टॉप पर इको पार्क विकसित करने को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी प्रशान्त आर्य की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में पर्यटन विभाग,वन विभाग तथा होटल एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।


जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इको पार्क के निर्माण हेतु किसी अनुभवी आर्किटेक्ट के साथ बैठक कर आकर्षक, आधुनिक एवं पूर्णतः इको-फ्रेंडली डिजाइन तैयार किया जाए, ताकि पर्यटक प्राकृतिक सौंदर्य के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का अनुभव भी कर सकें। उन्होंने कहा कि पार्क का विकास इस तरह किया जाए जिससे पहाड़ों की नैसर्गिक सुंदरता बनी रहे और स्थानीय जैव विविधता को किसी प्रकार की क्षति न पहुंचे।
बैठक में वरुणावत टॉप तक पहुंच को और अधिक सुगम बनाने पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने बस अड्डे के समीप से वरुणावत व्यू पॉइंट तक प्रस्तावित ट्रेक मार्ग के सुधारीकरण के निर्देश दिए, जिससे पर्यटक सुरक्षित और सुविधाजनक रूप से ट्रेकिंग का आनंद ले सकें। इसके साथ ही इको पार्क में कैफेटेरिया एरिया, बच्चों के लिए झूले, बैठने की व्यवस्था,सेल्फी पॉइंट तथा सूचना बोर्ड जैसी सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने वन विभाग को निर्देशित किया कि इन सभी सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए शीघ्र विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने कहा कि इको पार्क के विकसित होने से जहां एक ओर पर्यटकों को नया आकर्षण मिलेगा,वहीं स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
बैठक में जिला पर्यटन विकास अधिकारी केके जोशी,एसडीओ रश्मि धयानि,होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेन्द्र मटूड़ा उपस्थित रहे।

