उत्तराखंड ब्रेकिंग: स्मार्ट मीटर लगाने पर अस्थायी रोक, गलत बिलों की शिकायतों के बाद यूपीसीएल का निर्देश

Spread the love

देहरादून।
प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं की बढ़ती शिकायतों को देखते हुए उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) ने स्मार्ट मीटर लगाने पर अस्थायी रोक लगा दी है। बिल गलत आने, अत्यधिक बिल जनरेट होने और समय पर बिल न मिलने जैसी शिकायतों के बाद मंगलवार को यूपीसीएल मुख्यालय से संबंधित आदेश जारी किया गया।

निर्देशों के मुताबिक फिलहाल पुराने मीटर हटाकर नए स्मार्ट मीटर नहीं लगाए जाएंगे। स्मार्ट मीटर केवल दो स्थितियों में ही इंस्टॉल होंगे—नए बिजली कनेक्शन पर और जहां वर्तमान मीटर खराब हो।

मुख्य अभियंता बीएमएस परमार की ओर से जारी निर्देशों में कहा गया है कि स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं की समीक्षा की जाए तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। समस्याओं का समाधान होने के बाद ही राज्य में बड़े पैमाने पर स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया फिर शुरू होगी।

उपभोक्ताओं की परेशानियों को दूर करने के लिए यूपीसीएल प्रदेशभर में ‘उपभोक्ता विशेष शिकायत निवारण कैंप’ आयोजित करेगा। इन शिविरों में स्मार्ट मीटर, बिलिंग त्रुटियों और तकनीकी समस्याओं से जुड़े मामलों का निस्तारण किया जाएगा।

यूपीसीएल का कहना है कि उपभोक्ताओं के हित में यह निर्णय लिया गया है ताकि बिलिंग प्रणाली को अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनाया जा सके।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *